मंत्री जमा खान ने साफ कहा कि 15 अप्रैल को ही नई सरकार का शपथ ग्रहण होगा और इसकी पूरी तैयारी चल रही है

पटना से कौस्तुभ कुमार मलयज की खास रिपोर्ट

बिहार में बिहार में सत्ता का काउंटडाउन शुरु हो चुका है। नई सरकार के गठन को लेकर माहौल पूरी तरह गरमा गया है। 15 अप्रैल को शपथ ग्रहण होना तय माना जा रहा है और इसे लेकर पार्टी दफ्तर से लेकर राजभवन तक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास पर हाईलेवल मीटिंग हुई, जिसमें जदयू के कई बड़े नेता शामिल हुए। दिलचस्प बात ये है कि मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर अब भी सस्पेंस बना हुआ है। जदयू ने साफ कर दिया है कि मुख्यमंत्री का फैसला भाजपा करेगी। अब सबकी नजर भाजपा और NDA विधायक दल की 14 अप्रैल की बैठक पर टिकी है। उधर, बैठक में जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, ललन सिंह, बिजेंद्र यादव, विजय चौधरी, श्रवण कुमार और जमा खान मौजूद रहे। सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में जदयू कोटे से मंत्रियों के नाम और निशांत कुमार को लेकर चर्चा हुई।

15 अप्रैल को ही शपथ, नेताओं ने दिया साफ संकेत

बैठक के बाद बाहर निकले मंत्री जमा खान ने साफ कहा कि 15 अप्रैल को ही नई सरकार का शपथ ग्रहण होगा और इसकी पूरी तैयारी चल रही है। इसके बाद ललन सिंह और संजय झा डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के आवास पहुंचे, जहां नए मंत्रिमंडल के गठन को लेकर अलग से बातचीत हुई। यानी साफ है कि अंदरखाने सरकार के गठन की पूरी रूपरेखा लगभग तय हो चुकी है, बस औपचारिक घोषणा बाकी है।

सुरक्षा बढ़ी, पीएम के आने की भी चर्चा

इधर, पटना जिला प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। एयरपोर्ट, अणे मार्ग और राजभवन की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम को भी राजभवन बुलाकर जरूरी दिशा निर्देश दिए गए हैं। सूत्रों की मानें तो केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के पटना पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री 14 अप्रैल की शाम पटना पहुंच सकते हैं और 15 अप्रैल को शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेंगे।

सीएम चेहरे पर भाजपा में मंथन जारी

सबसे दिलचस्प बात यह है कि मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है। जदयू नेताओं के बयानों से साफ संकेत मिला है कि पार्टी इस बार सीएम चेहरे को लेकर ज्यादा दखल नहीं दे रही है और फैसला भाजपा पर छोड़ दिया गया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा है कि 14 अप्रैल को पहले भाजपा विधायक दल की बैठक होगी। इसके बाद एनडीए के विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें सीएम के नाम पर मुहर लगेगी।

शपथ ग्रहण से पहले नीतीश कैबिनेट की आखिरी बैठक

शपथ ग्रहण से पहले 14 अप्रैल को सुबह 11 बजे नीतीश कुमार की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद की बैठक होगी। इसे मौजूदा सरकार की आखिरी कैबिनेट बैठक माना जा रहा है। इस बैठक में कई अहम फैसलों पर मुहर लग सकती है, जिसके बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगी।