चोरी की दो बाइक बरामद, वारदात में इस्तेमाल दो अन्य मोटरसाइकिलें भी मिलीं

गणेश धर द्विवेदी

गौरीबाजार पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलों के साथ चोरी की वारदात में प्रयुक्त दो अन्य बाइक भी बरामद की हैं। कार्रवाई से भटनी थाने में दर्ज वाहन चोरी के एक मामले का भी खुलासा हुआ है।

पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पाण्डेय के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर राजेश चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में गौरीबाजार पुलिस संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर बरारी चौराहे के पास से चार आरोपियों को पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृष्णा यादव उर्फ रफ्तार निवासी बनकटा शिव, अमित यादव निवासी केवड़ा, गोलू यादव निवासी जिरासो और महाबीर बासफोर निवासी पिपरा देवराज, थाना भटनी के रूप में हुई। इनमें गोलू यादव और महाबीर बासफोर का आपराधिक इतिहास भी पुलिस ने बताया है।

पुलिस के अनुसार बरामद चोरी की मोटरसाइकिलों में स्प्लेण्डर प्लस और स्प्लेण्डर शामिल हैं। दोनों पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। इनके अलावा चोरी में प्रयुक्त स्प्लेण्डर प्लस और एचएफ डीलक्स भी बरामद की गई। एचएफ डीलक्स को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज किया गया।

बरामद दोनों चोरी की मोटरसाइकिलों के संबंध में भटनी थाने में पहले से मुकदमा दर्ज था। गौरीबाजार पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।