पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर आम के बाग से शव बरामद कर लिया

बिजनौर (उत्तर प्रदेश) : दस वर्षों तक चले प्रेम संबंध का अंत इतना दर्दनाक होगा, शायद किसी ने नहीं सोचा था। प्रेमिका की शादी कहीं और तय होने के बिजनौर बाद प्रेमी लगातार उस पर विवाह का दबाव बना रहा था। इसी तनाव के बीच दोनों पक्ष आमने-सामने आए और विवाद इतना बढ़ गया कि प्रेमिका के भाई ने धारदार हथियार से युवक की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को कार में रखकर दूसरे जिले में ले जाकर आम के बाग में फेंक दिया गया। गुमशुदगी की जांच कर रही पुलिस ने कुछ ही घंटों में पूरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

स्योहारा थाना क्षेत्र के ग्राम चक सानी निवासी 32 वर्षीय नफीस मंगलवार सुबह घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद नफीस की मां ने स्योहारा थाने में गुमशुदगी की तहरीर देकर पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी।

जांच के दौरान पुलिस का शक ग्राम अलादीनपुर निवासी उवेश पर गया। बुधवार शाम उवेश स्वयं थाने पहुंचा और नफीस की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस उसकी निशानदेही पर मुरादाबाद क्षेत्र के सलेमपुर गढ़ी स्थित एक आम के बाग में पहुंची, जहां से नफीस का शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पूछताछ में उवेश ने बताया कि उसकी बहन और नफीस के बीच पिछले करीब दस वर्षों से प्रेम संबंध था। कुछ समय पहले परिवार ने उसकी बहन का रिश्ता धामपुर में तय कर दिया था, लेकिन नफीस इस शादी का लगातार विरोध कर रहा था और युवती पर उससे विवाह करने का दबाव बना रहा था।

आरोपी के अनुसार मंगलवार सुबह नफीस उसके घर पहुंचा और शादी को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर उसने धारदार हथियार से नफीस पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद उसने शव को कार में रखा और मुरादाबाद के सलेमपुर गढ़ी क्षेत्र स्थित आम के बाग में फेंक दिया, ताकि घटना को छिपाया जा सके।

धामपुर क्षेत्राधिकारी अंजनी कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है। आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर शव बरामद कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।