स्व.गिरिजा शंकर बरनवाल की स्मृति में आयोजित जिला स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का सेमीफाइनल
गणेश धर द्विवेदी
क्रीड़ा भारती के तत्वावधान में स्वर्गीय गिरिजा शंकर बरनवाल की स्मृति में आयोजित जिला स्तरीय विद्यालयीय फुटबॉल प्रतियोगिता का सेमीफाइनल मुकाबला सोमवार को सरस्वती विद्या मंदिर, देवरिया के मैदान पर खेला गया। रोमांच और संघर्ष से भरपूर इस मुकाबले में लिटिल फ्लावर स्कूल, सलेमपुर ने सेंट पॉल एकेडमी, सलेमपुर को 2-1 से पराजित कर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

मैच का शुभारंभ मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, गोरक्ष प्रांत के सह प्रांत प्रचारक सुरजीत जी की उपस्थिति में हुआ। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला प्रचारक आकाश जी, सह जिला संघचालक अवनीश बरनवाल तथा बीआरडी पीजी कॉलेज के शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रोफेसर अभिनव सिंह मौजूद रहे। इनके अलावा नागेंद्र जी, बीडी मिश्रा, छोटेलाल सिंह, संतोष सिंह, गोरखनाथ सिंह, व्यास मिश्रा, रितेश यादव, संजीव पांडेय एवं क्रीड़ा भारती के सह संयोजक श्रीराम यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
मैच शुरू होते ही लिटिल फ्लावर की टीम ने छोटे-छोटे पास और तेज आक्रमण से विपक्षी टीम पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। खेल के 20वें मिनट में जर्सी नंबर चार के खिलाड़ी अंशुमान चौहान ने दो खिलाड़ियों को छकाते हुए करीब 30 गज की दूरी से शानदार शॉट लगाकर पहला गोल दागा। इसके बाद 27वें मिनट में जर्सी नंबर तीन के असीम सैद ने दूसरा गोल कर टीम को 2-0 की मजबूत बढ़त दिला दी।
मध्यांतर के बाद सेंट पॉल एकेडमी ने जोरदार वापसी की कोशिश की। खेल के 54वें मिनट में जर्सी नंबर दस के प्रवीण कुमार ने शानदार हेडर से गोल कर मुकाबले को 2-1 पर पहुंचा दिया। अंतिम समय तक दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला, लेकिन कोई अन्य गोल नहीं हो सका।
इस तरह लिटिल फ्लावर स्कूल ने जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया।
