गोरखपुर: 9 जुलाई गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे शाहपुर थाना अंतर्गत रेलवे अस्पताल के पास एक युवती के साथ पुलिसवालों की उपस्थिति में दबंगो द्वारा मार पीट की घटना का वीडियो वायरल होने औऱ इसकी चारों तरफ कड़ी आलोचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मचनें के बाद एसएसपी गोरखपुर,डॉ कौस्तुभ ने मामले का संज्ञान लिया औऱ आज बड़ा एक्शन लेते हुए तत्काल प्रभाव से शाहपुर थाना प्रभारी राकेश रौशन सिंह और कौवाबाग चौकी प्रभारी दुर्गेश नंदिनी को लाइन हाजिर कर दिया है। वहीं, पीआरवी पर तैनात दो सिपाहियों राज मंगल सिंह, अविनाश यादव और उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया औऱ होमगार्ड हरिचरण राय के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की गई है।
बताते चलें कि 9 जुलाई की शाम लगभग 6:00 बजे रामगढ़ताल क्षेत्र के रेल विहार की रहने वाली शिवांगी शुक्ला अपने 75 वर्षीय बीमार पिता को इलाज के लिए ग्रैंड विटारा कार से ललित नारायण रेलवे अस्पताल ले जा रही थीं। कौवाबाग के पास एक बाइक सवार ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उनकी कार में टक्कर मार दी औऱ उसके बाद महिला पर माफ़ी माँगने के लिए दबाव बनाने लगा। यही नहीं महिला द्वारा विरोध करने पर उसने अपने साथियों को बुला लिया औऱ कुछ ही देर में स्कार्पियो से कुछ लोग वहाँ पहुंचे, उन्होंने बेतहाशा महिला को मारना शुरू कर दिया। उसकी कार का शीशा तोड़ दिया, उसे कार से बाहर खींच कर बाल उखाड़ कर उसके कपडे फाड़ने की कोशिश की, उसे लात घूसों से मारा औऱ महिला के मुताबिक उसे गलत तरीके से छूने औऱ रेप करने की धमकी तक दी।

घटना पर आम जनता की तीखी प्रतिक्रिया हुई है। घटना के मुख्य आरोपी मोहनापुर निवासी राज निषाद राज निषाद पुत्र सुभाष निषाद को हत्या के प्रयास, छेड़खानी, मारपीट, धमकी सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्जकर जेल भेजा जा चुका है । उसके अतिरिक्त आठ अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच चल रही है और पुलिस द्वारा फरार आरोपियों की तलाश ज़ोर शोर से की जा रही है।
