देशभर में 10 करोड़ लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाने का लक्ष्य रखा गया है
ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान की ओर से देशव्यापी "नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान" का शुभारंभ 2 अगस्त को किया जाएगा। अभियान का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 10:30 बजे वर्चुअल माध्यम से करेंगे। इसी अवसर पर संस्थान के दस करोड़ नशामुक्ति संकल्प महाअभियान की भी औपचारिक शुरुआत होगी, जिसके तहत देशभर में हजारों स्थानों पर एक साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस संबंध में शांतिवन स्थित मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में ब्रह्माकुमारीज़ के अतिरिक्त महासचिव डॉ. बीके मृत्युंजय भाई ने बताया कि अभियान के तहत देशभर के छह हजार से अधिक सेवा केंद्रों और लगभग 50 हजार पाठशालाओं में नशामुक्ति से जुड़े कार्यक्रम होंगे। मुख्य समारोह का सीधा प्रसारण शांतिवन सहित देश के प्रमुख रिट्रीट सेंटरों पर भी किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान अहमदाबाद, लखनऊ, नागपुर, रायपुर, मदुरई, पानीपत, कोलकाता, अगरतला, हैदराबाद, गुवाहाटी, गोवा और शांतिवन सहित प्रमुख स्थानों पर मेगा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों में हजारों लोगों की भागीदारी होगी तथा संबंधित राज्यों के राज्यपाल, मुख्यमंत्री और अन्य जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे।
डॉ. बीके मृत्युंजय भाई ने कहा कि विकसित भारत और विश्वगुरु बनने की दिशा में नशामुक्त समाज की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से ब्रह्माकुमारीज़ लंबे समय से समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य कर रहा है। यह अभियान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय तथा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार भी वर्चुअल माध्यम से अपने विचार साझा करेंगे।
संस्थान ने 2 से 20 अगस्त तक विशेष नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान चलाने का निर्णय लिया है। इस अवधि में स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, सरकारी एवं निजी कार्यालयों, उद्योगों, सामाजिक संगठनों, छात्रावासों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, गांवों और सार्वजनिक स्थलों पर लोगों को नशा छोड़ने और समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई जाएगी। अभियान को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने के लिए सभी स्तरों पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
अभियान की निगरानी और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विशेष डिजिटल व्यवस्था भी बनाई गई है। प्रत्येक कार्यक्रम के लिए क्यूआर कोड आधारित प्रणाली विकसित की गई है, जिसके माध्यम से आयोजन स्थल, प्रतिभागियों की संख्या और नशामुक्ति की शपथ लेने वाले लोगों का पूरा रिकॉर्ड ऑनलाइन दर्ज किया जाएगा। यह संपूर्ण डाटा अभियान समाप्त होने के बाद भारत सरकार को उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रेस वार्ता में ब्रह्माकुमारीज़ मेडिकल विंग के सचिव डॉ. बनारसी लाल ने बताया कि संस्थान ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय तथा गृह मंत्रालय के अधीन नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के साथ तीन वर्ष के समझौते के तहत देशभर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया है। इस अवधि में 30,775 कार्यक्रमों के माध्यम से 3.16 करोड़ लोगों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया गया। अभियान के दौरान 11,673 गांव, 19,102 शहरी कार्यक्रम तथा 9,915 स्कूल और कॉलेज इस पहल से जुड़े, जिससे समाज में नशामुक्त भारत के प्रति व्यापक जनजागरूकता विकसित हुई।