भ्रष्टाचार और संदिग्ध निवेश के आरोपों ने हिला दी कुर्सी, नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह की मुश्किलें बढ़ने लगीं हैं

कौस्तुभ कुमार मलयज

पड़ोसी देश नेपाल की सियासत में बड़ी घटना सामने आई है। गृह मंत्री सुधन गुरुंग ने महज 26 दिन में ही इस्तीफा दे दिया। भ्रष्टाचार और संदिग्ध निवेश के आरोपों ने उनकी कुर्सी हिला दी। गुरुंग पर विवादित कारोबारी दीपक भट्टा से रिश्तों और माइक्रो इंश्योरेंस कंपनियों में संदिग्ध हिस्सेदारी के आरोप लगे थे।

हैरानी की बात यह कि जो मंत्री भ्रष्टाचार के खिलाफ आक्रामक छवि बना रहे थे, वही अपने निवेश को लेकर सवालों में घिर गये। विपक्ष के सड़कों पर प्रदर्शन और मीडिया खुलासों के दबाव के बीच आखिरकार गुरुंग को झुकना पड़ा। उन्होंने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि जनता का विश्वास सबसे ऊपर है, नैतिकता किसी भी पद से बड़ी है।

उधर, यह भी चर्चा तेज हो गई कि नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह की मुश्किलें बढ़ने लगीं हैं। कहा जा रहा हे कि सत्ता संभालते ही वह चौतरफा घिरेते जा रहे हैं। बालेन शाह की सरकार के खिलाफ एक महीने के भीतर ही देशव्यापी विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं। बताया जा रहा है कि भारत से सामान पर कस्टम ड्यूटी, छात्र संघों के प्रति सरकार के रुख और गृह मंत्री पर आरोपों के कारण लोग सड़कों पर उतर आए हैं।