- भाजपा विधायक दल की बैठक में नए नेतृत्व पर बनी सहमति। राजभवन पहुंचकर नीतीश ने सौंपा इस्तीफा, कार्यवाहक बने रहेंगे
पटना। बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव तय हो गया है। नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है, वहीं सम्राट चौधरी को राज्य का नया मुख्यमंत्री चुने जाने पर मुहर लग गई है। भाजपा विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर सर्वसम्मति बनी, जिसके बाद अब एनडीए के स्तर पर औपचारिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
बैठक के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय सिंह ने सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका समर्थन रेणु देवी, मंगल पांडेय और दिलीप जायसवाल समेत कई नेताओं ने किया। इसके साथ ही उनके मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है।
नीतीश कुमार ने राजभवन जाकर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन को अपना इस्तीफा सौंपा। राज्यपाल ने इस्तीफा स्वीकार करते हुए उन्हें नई सरकार के गठन तक कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में बने रहने का निर्देश दिया है।
इस्तीफा सौंपने के दौरान सम्राट चौधरी भी उनके साथ मौजूद रहे। इस दौरान नीतीश कुमार ने मीडिया से कोई बातचीत नहीं की और केवल हाथ हिलाकर अभिवादन किया।
राजनीतिक हलकों में इस बदलाव को लेकर प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। उपेंद्र कुशवाहा ने सोशल मीडिया के जरिए सम्राट चौधरी को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी है।
अब सभी की नजरें एनडीए की अगली बैठक और शपथ ग्रहण समारोह पर टिकी हैं, जहां बिहार की नई सरकार औपचारिक रूप से आकार लेगी।