ब्रासीलिया में व्यापार निगरानी तंत्र की आठवीं बैठक में दोनों देशों ने आर्थिक साझेदारी मजबूत करने पर किया मंथन

नई दिल्ली : भारत और ब्राजील ने तेजी से बढ़ते आर्थिक रिश्तों को नई ऊंचाई देने की दिशा में बड़ा लक्ष्य तय किया है। दोनों देश वर्ष 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ाकर 30 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंचाने की दिशा में काम करेंगे। फिलहाल 2025-26 में दोनों देशों के बीच व्यापार 15.07 अरब डॉलर तक पहुंच चुका है। यानी अगले चार वर्षों में इसे करीब दोगुना करने की तैयारी है। फार्मास्यूटिकल्स, रसायन, इंजीनियरिंग सामान और मशीनरी को इस लक्ष्य को हासिल करने वाले प्रमुख क्षेत्रों में शामिल किया गया है।

ब्राजील के ब्रासीलिया में भारत-ब्राजील व्यापार निगरानी तंत्र की आठवीं बैठक में दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश बढ़ाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक की सह-अध्यक्षता भारत के वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल और ब्राजील की विदेश व्यापार सचिव तातियाना लैसर्दा प्राजेरेस ने की। दोनों पक्षों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डी सिल्वा के नेतृत्व में मजबूत हुए संबंधों को आर्थिक साझेदारी में बदलने की प्रतिबद्धता दोहराई।

वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने ब्राजील के विकास, उद्योग, वाणिज्य और सेवा मंत्री मार्सियो एलियास रोजा से भी मुलाकात की। दोनों के बीच निवेश बढ़ाने और प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में आर्थिक सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा हुई।

बैठक में भारत-मर्कोसुर तरजीही व्यापार समझौते के विस्तार और आधुनिकीकरण की दिशा में हुई प्रगति की भी समीक्षा की गई। वर्ष 2025 में भारत और मर्कोसुर के बीच व्यापार 20.84 अरब डॉलर तक पहुंच गया था। दोनों पक्षों ने इससे संबंधित संदर्भ शर्तों को जल्द अंतिम रूप देने पर सहमति जताई।

भारतीय दवा उत्पादों को ब्राजील के बाजार में अधिक पहुंच दिलाने पर भी विशेष जोर रहा। फरवरी 2026 में हुए सीडीएससीओ-एएनवीआईएसए समझौते को इस दिशा में महत्वपूर्ण आधार माना गया। भारत ने नियामक प्रक्रियाओं को अधिक सुगम बनाने की जरूरत बताई, जिससे सस्ती और गुणवत्तापूर्ण भारतीय दवाओं की पहुंच बढ़ाई जा सके।

कृषि उत्पादों की बाजार पहुंच, इलेक्ट्रॉनिक मूल प्रमाण पत्रों की पारस्परिक मान्यता और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों के बीच सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। दोनों देशों ने ब्रिक्स, जी20 और विश्व व्यापार संगठन जैसे बहुपक्षीय मंचों पर आपसी समन्वय मजबूत रखने का निर्णय लिया।

ब्रासीलिया में भारत-ब्राजील उच्च स्तरीय व्यापारिक स्वागत समारोह भी आयोजित किया गया।

वाणिज्य सचिव के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल में 25 से अधिक भारतीय कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इसमें महत्वपूर्ण खनिज, नवीकरणीय ऊर्जा, कृषि व्यवसाय, बुनियादी ढांचा, फार्मास्यूटिकल्स, डिजिटल सेवाएं, लॉजिस्टिक्स और उन्नत विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में निवेश एवं सहयोग की नई संभावनाओं पर मंथन किया गया।