मूड ऑफ द नेशन सर्वे में विजय को 9.2 प्रतिशत लोगों की पसंद, नरेंद्र मोदी को 48.7 और राहुल गांधी को 27.1 प्रतिशत समर्थन
The Politics of the race for Prime Minister : खबर राजनीति की है, वह भी पीएम के रेस की, अभी तक देश के पीएम की रेस में नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी का नाम शुमार था, लेकिन अब तीसरा नाम भी सामने आ गया है। जी हां, तीन महीने पहले तक तमिलनाडु की सत्ता विजय की सबसे बड़ी राजनीतिक मंजिल दिखाई दे रही थी, लेकिन अब उनकी चर्चा दिल्ली की सत्ता के संभावित दावेदारों में होने लगी है। फिल्मों के सुपरस्टार से मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचे सी. जोसेफ विजय ने राजनीति में महज दो साल के भीतर ऐसी छलांग लगाई है कि एक राष्ट्रीय सर्वे में वह प्रधानमंत्री पद के पसंदीदा चेहरों में तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उनसे आगे केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी हैं।
इंडिया टुडे-सीवोटर के अगस्त 2026 के मूड ऑफ द नेशन सर्वे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अभी भी सबसे आगे हैं। सर्वे में 48.7 प्रतिशत लोगों ने उन्हें प्रधानमंत्री पद के लिए अपनी पसंद बताया। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 27.1 प्रतिशत समर्थन के साथ दूसरे स्थान पर हैं। इसके बाद 9.2 प्रतिशत लोगों की पसंद के साथ तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और तमिलगा वेत्री कझगम के संस्थापक सी. जोसेफ विजय तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।
विजय का तीसरे नंबर पर पहुंचना इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि राष्ट्रीय राजनीति में उनका सफर अभी बेहद छोटा है। उन्होंने 2024 में तमिलगा वेत्री कझगम की स्थापना कर सक्रिय राजनीति में कदम रखा था। दो साल बाद पार्टी ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव लड़ा, सत्ता हासिल की और विजय मुख्यमंत्री बने। 10 मई 2026 को विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। शपथ ग्रहण समारोह में राहुल गांधी भी मौजूद थे।
उस समय विजय और राहुल गांधी की मौजूदगी को दोनों दलों के बीच राजनीतिक निकटता के तौर पर देखा गया था। तमिलनाडु की विजय सरकार को कांग्रेस का समर्थन भी हासिल है। लेकिन अब यही विजय प्रधानमंत्री पद की पसंद के सर्वे में राहुल गांधी के ठीक पीछे खड़े दिखाई दे रहे हैं। इससे आने वाले समय में दोनों दलों के रिश्तों के साथ राष्ट्रीय राजनीति के समीकरणों को लेकर भी चर्चा तेज हो सकती है।
सर्वे में विजय ने कई ऐसे नेताओं को पीछे छोड़ दिया है, जिनका राष्ट्रीय राजनीति में लंबा अनुभव है। प्रधानमंत्री पद की पसंद में ममता बनर्जी को 2 प्रतिशत, अखिलेश यादव को 1.7 प्रतिशत और अरविंद केजरीवाल को 1.2 प्रतिशत समर्थन मिला। इसके मुकाबले विजय को 9.2 प्रतिशत लोगों ने पसंद किया।
सर्वे के नतीजों ने टीवीके के भीतर पहले से चल रही उस मांग को और ताकत दी है, जिसमें विजय को राष्ट्रीय राजनीति में बड़ी भूमिका देने की बात कही जा रही है। पार्टी के नेता अब खुलकर विजय को 2029 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री पद के दावेदार के रूप में पेश करने लगे हैं। तमिलनाडु सरकार के मानव संसाधन प्रबंधन मंत्री सरथकुमार ने 18 अगस्त को विधानसभा में विजय को भविष्य का प्रधानमंत्री बताया था। इससे एक दिन पहले टीवीके नेता और मंत्री आधव अर्जुन ने भी भविष्य में दक्षिण भारत और खासकर तमिलनाडु से प्रधानमंत्री बनने की वकालत की थी।
अब मूड ऑफ द नेशन सर्वे सामने आने के बाद यह राजनीतिक चर्चा और तेज हो गई है। टीवीके समर्थकों की ओर से विजय को प्रधानमंत्री पद के भावी चेहरे के रूप में पेश किया जा रहा है। पार्टी के भीतर यह संदेश देने की कोशिश भी हो रही है कि विजय की राजनीतिक भूमिका केवल तमिलनाडु तक सीमित नहीं रहने वाली है।