पुलिस को देखते ही की फायरिंग, पुलिस वाहन में भी लगीं दो गोलियां
बिहार : वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र में दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी जगदीश राय और पुलिस के बीच सोमवार को मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में जगदीश राय के दोनों पैरों में घुटनों के पास गोलियां लगीं। घायल आरोपी को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
मुठभेड़ के दौरान आरोपी की ओर से पुलिस टीम को निशाना बनाकर कई राउंड फायरिंग की गई। दो गोलियां पुलिस वाहन में लगीं। हालांकि, इस घटना में कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रजासन गांव में हुए दोहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी जगदीश राय बिदुपुर थाना क्षेत्र के दिलावरपुर पूर्वी स्थित आम की गाछी में छिपा हुआ है। सूचना के बाद बिदुपुर थाना पुलिस ने इलाके में छापेमारी शुरू की और चारों ओर से घेराबंदी कर दी।
पुलिस के मुताबिक खुद को घिरता देख जगदीश राय ने पुलिस टीम पर गोली चलानी शुरू कर दी। गोलियां पुलिस वाहन को भी लगीं। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें जगदीश राय घायल हो गया। उसके दोनों पैरों के घुटनों के पास गोली लगी और आर-पार निकल गई।
घायल आरोपी को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर सदर अस्पताल हाजीपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज किया जा रहा है।
जमीन और रास्ते के विवाद में हुई थी चाचा और चचेरे भाई की हत्या
रजासन गांव में जमीन और रास्ते को लेकर परिवार के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार को विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि जगदीश राय ने अपने पिता मुरली राय के साथ मिलकर अपने चाचा मुनारीक राय और चचेरे भाई जितेंद्र कुमार को गोली मार दी थी। जितेंद्र कुमार सेना में जवान थे। गोलीबारी में दोनों की मौत हो गई थी। दोहरे हत्याकांड के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी और मुख्य आरोपी जगदीश राय फरार हो गया था। घटना के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी।
वैशाली के एसपी शुभांक मिश्रा और एसडीपीओ सुबोध कुमार के निर्देश पर बिदुपुर थाना पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस को उसके ठिकाने की सूचना मिली और टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे घेर लिया।
मुठभेड़ की जानकारी मिलने के बाद एसपी शुभांक मिश्रा और एसडीपीओ सुबोध कुमार ने पूरे मामले की समीक्षा की। पुलिस के वरीय अधिकारी घटनास्थल के निरीक्षण के लिए भी रवाना हुए।
एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि आरोपी की ओर से पुलिसकर्मियों पर गोली चलाई गई। हालांकि किसी पुलिसकर्मी को गोली नहीं लगी। फायरिंग में दो गोलियां पुलिस वाहन में लगी हैं।
एसपी के अनुसार घायल जगदीश राय की स्थिति सामान्य है। चिकित्सकों से उसकी हालत के संबंध में जानकारी ली गई है। आरोपी के दोनों पैरों में घुटनों के पास गोली लगी और गोलियां बाहर निकल गईं।
जगदीश राय पर पहले से दर्ज हैं कई संगीन मामले
पुलिस सूत्रों के अनुसार जगदीश राय का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ हत्या समेत कई गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस अब दोहरे हत्याकांड में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
आरोपी के स्वस्थ होने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि फरारी के दौरान उसे किन लोगों ने मदद और शरण दी थी। घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
