मुख्यमंत्री विजय के आवास पर करीब एक घंटे तक चली बातचीत

चेन्नई। राजनीति में रिश्तों की गर्माहट शनिवार को चेन्नई की सड़कों और एक कैफे तक दिखाई दी। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने पहले बंद कमरे में करीब एक घंटे तक राजनीतिक चर्चा की और फिर कैफे में साथ बैठकर अनौपचारिक बातचीत की। दोनों नेताओं की यह मुलाकात राजनीतिक तालमेल के साथ व्यक्तिगत सहजता की तस्वीर भी पेश करती नजर आई।

चेन्नई के बाहरी इलाके नीलांकरई स्थित अपने आवास के बाहर विजय ने राहुल गांधी का मुस्कराकर स्वागत किया। समुद्र तट के पास ईस्ट कोस्ट रोड पर स्थित इस शांत इलाके में दोनों नेताओं की बैठक करीब एक घंटे चली। इसके बाद वे पास के एक कैफे पहुंचे, जहां राजनीतिक बातचीत का औपचारिक माहौल दोस्ताना मुलाकात में बदल गया।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, दोनों नेताओं ने कैपेचीनो, तिरामिसू और कुकीज का ऑर्डर दिया। कैफे में मौजूद लोगों ने उन्हें पहचाना तो आसपास भीड़ जुटने लगी। राहुल और विजय ने लोगों से बातचीत की और कुछ लोगों के साथ सेल्फी भी खिंचवाई। इसके बाद राहुल गांधी शहर के एक होटल के लिए रवाना हो गए।

राहुल गांधी शनिवार शाम चेन्नई के आइलैंड ग्राउंड्स में प्रस्तावित युवा संवाद कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ में भाग लेने पहुंचे हैं। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम के लिए वेबसाइट और क्यूआर कोड के माध्यम से तमिलनाडु के एक लाख से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है।

इस मुलाकात की राजनीतिक अहमियत भी है। विधानसभा चुनाव में किसी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने और विजय की तमिलगा वेट्री कझगम (टीवीके) के सबसे बड़े दल के रूप में उभरने के बाद कांग्रेस ने अपने पुराने सहयोगी द्रमुक से नाता तोड़कर टीवीके का साथ दिया था। कांग्रेस के समर्थन से विजय के नेतृत्व में सरकार बनी।ऐसे में राहुल और विजय की मुलाकात को गठबंधन के भीतर बढ़ते तालमेल के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, बैठक में किन राजनीतिक मुद्दों पर सहमति बनी, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।