कई जिलों में 90 प्रतिशत से ज्यादा मतदान, दक्षिण दिनाजपुर सबसे आगे

सेंट्रल डेस्क, नई दिल्ली

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण का मतदान गुरुवार को समाप्त हो गया। राज्य के 16 जिलों की 152 सीटों पर वोट डाले गए, जहां मतदाताओं ने उत्साह के साथ भागीदारी दर्ज कराई। इस चरण में कुल 1,478 उम्मीदवार चुनावी मैदान में थे और करीब 3 करोड़ 60 लाख मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

मतदान के लिए 44 हजार से अधिक मतदान केंद्र स्थापित किए गए थे, जिनमें 7,384 बूथों को अत्यधिक संवेदनशील श्रेणी में रखा गया था। कुल 44,376 बूथों पर वोटिंग कराई गई, जिसमें लगभग 3,000 सहायक बूथ भी शामिल रहे। 5,444 बूथों का संचालन महिलाओं के जिम्मे था, जबकि 207 मॉडल बूथ भी बनाए गए थे।

शाम 5 बजे तक राज्य में कुल 89.93 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो पिछले विधानसभा चुनाव 2021 के 81.16 प्रतिशत के मुकाबले काफी अधिक है। इस तरह इस चरण में मतदान ने नया रिकॉर्ड स्थापित कर दिया।

जिला वार आंकड़ों पर नजर डालें तो दक्षिण दिनाजपुर में सबसे अधिक 93.12 प्रतिशत मतदान हुआ। कूचबिहार में 92.07 प्रतिशत, बीरभूम में 91.55 प्रतिशत और मुर्शिदाबाद में 91.36 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई।

जलपाईगुड़ी में 91.20 प्रतिशत, पश्चिम मेदिनीपुर में 90.70 प्रतिशत और झाड़ग्राम में 90.53 प्रतिशत मतदान हुआ। बाकुड़ा में 89.91 प्रतिशत, उत्तर दिनाजपुर में 89.74 प्रतिशत और मालदा में 89.56 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अलीपुरद्वार में 88.74 प्रतिशत, पश्चिम बर्द्धमान में 86.89 प्रतिशत और दार्जिलिंग में 86.49 प्रतिशत वोटिंग हुई। कालिम्पोंग में सबसे कम 81.98 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

इस चरण में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच रहा, जहां दोनों दलों ने पूरी ताकत झोंक दी। अब सभी की नजर अगले चरण पर टिकी है, जो अगले बुधवार को आयोजित किया जाएगा और जिसमें चुनावी लड़ाई और तेज होने की संभावना है।