रामपुर कारखाना साइबर हेल्प डेस्क की तत्परता से उस्मान और असीम को वापस मिली ठगी की रकम, बैंक और वित्तीय संस्थानों से समन्वय कर हुई कार्रवाई
गणेश धर द्विवेदी
साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के बीच देवरिया पुलिस ने दो पीड़ितों को उनकी मेहनत की कमाई वापस दिलाकर राहत पहुंचाई है। थाना रामपुर कारखाना की साइबर हेल्प डेस्क ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 45,880 रुपये की धनराशि वापस कराई है। पुलिस की इस कार्रवाई से साइबर ठगी के शिकार लोगों को बड़ी राहत मिली है।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में जिले में साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और ठगी के पीड़ितों की धनराशि वापस कराने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पांच नवंबर को रामपुर कारखाना साइबर हेल्प डेस्क ने एमआरएम पोर्टल के माध्यम से दोनों शिकायतों पर कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के माधोपुर निवासी उस्मान शेख पुत्र शाकिर शेख ने साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। उनके मामले में 41,500 रुपये की धनराशि वापस कराई गई। वहीं, शामीपट्टी निवासी असीम शेख पुत्र अब्दुल बराक शेख की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए 4,380 रुपये वापस कराए गए।
दोनों शिकायतें प्राप्त होने के बाद साइबर हेल्प डेस्क ने प्रकरणों की जांच शुरू की और संबंधित बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों से समन्वय स्थापित किया। पुलिस की कार्रवाई के परिणामस्वरूप पीड़ितों की कुल 45,880 रुपये की रकम वापस कराने में सफलता मिली।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अश्वनी प्रधान, कांस्टेबल दिव्यांशु सिंह और रविशंकर गुप्ता शामिल रहे।
देवरिया पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें और www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। समय रहते शिकायत करने से ठगी की रकम को होल्ड कराने और वापस पाने की संभावना बढ़ जाती है।
