बरामद रकम का स्रोत नहीं बता सके दोनों आरोपित, सिंहदरबार पुलिस कर रही पूछताछ
काठमांडू के एक रेस्टोरेंट से बरामद 34 लाख 85 हजार रुपये की नकदी ने पुलिस की जांच को नेपाल के सीमावर्ती इलाकों तक पहुंचा दिया है। इतनी बड़ी रकम का संतोषजनक स्रोत नहीं बता पाने पर पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक वीरगंज का रहने वाला है। पुलिस अब नकदी के स्रोत और इसके संभावित रक्सौल कनेक्शन की जांच कर रही है।
नेपाल की राजधानी काठमांडू महानगरपालिका के वार्ड नंबर 29 स्थित अनामनगर के किम्ची रेस्टोरेंट से पुलिस ने 34 लाख 85 हजार रुपये नकद बरामद किए। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पर्सा जिले के वीरगंज महानगरपालिका वार्ड नंबर 21 निवासी 40 वर्षीय प्रवेश महतो और अर्घाखांची जिले के संधिखर्क नगरपालिका वार्ड नंबर दो निवासी 42 वर्षीय संतोष भुसाल के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों को पुलिस वृत्त सिंहदरबार की टीम ने रेस्टोरेंट से गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों बरामद 34 लाख 85 हजार रुपये के स्रोत के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं दे सके। इसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर जांच शुरू की गई।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी नकदी कहां से लाई गई और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, नेपाल के सीमावर्ती पर्सा और बारा जिले रक्सौल समेत भारतीय सीमा क्षेत्र से जुड़े हैं। इसी आधार पर रक्सौल और वीरगंज के व्यापारियों से किसी संभावित कनेक्शन की भी जांच की जा रही है।
