नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में धरना और विरोध-प्रदर्शन के आयोजन को लेकर बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है। केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा गठित समिति की सिफारिशों के बाद जंतर-मंतर को अधिसूचित प्रदर्शन स्थलों की सूची से बाहर कर दिया गया है। अब प्रदर्शनकारियों को अपनी मांगों के समर्थन में धरना देने के लिए तीन निर्धारित स्थानों का विकल्प मिलेगा।

नई व्यवस्था के तहत रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली स्थित सीबीडी मैदान को प्रदर्शन के लिए चिह्नित किया गया है। इन स्थानों पर आयोजन की अनुमति, सुरक्षा प्रबंध और अन्य व्यवस्थाओं से संबंधित विस्तृत संशोधित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) अलग से जारी की जाएगी।

यह निर्णय 28 अप्रैल 2022 को जारी स्थायी आदेश संख्या L&O/48/22 में आंशिक संशोधन के माध्यम से लागू किया गया है। सरकार ने यह बदलाव प्रदर्शन स्थलों के विकल्पों की समीक्षा के लिए गठित समिति की अनुशंसाओं के आधार पर किया है।