विजय चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव भी शपथ लेकर बने हिस्सेदार, नई सरकार से जुड़ीं नई उम्मीदें और चुनौतियां

दीपक श्रीवास्तव

बिहार की राजनीति में आज बड़ा और ऐतिहासिक बदलाव दर्ज हो गया है। सम्राट चौधरी ने पटना के लोकभवन में मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। इसके साथ ही राज्य में पहली बार भारतीय जनता पार्टी का कोई नेता मुख्यमंत्री बना है और एक नए ‘सम्राट युग’ की शुरुआत हो गई है।

राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों की बड़ी मौजूदगी रही और पूरे कार्यक्रम पर देशभर की नजरें टिकी रहीं।

नई सरकार के गठन के तहत जदयू के वरिष्ठ नेता विजय चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव को उपमुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों नेताओं ने भी शपथ ली, जिससे सरकार के गठन की प्रक्रिया को मजबूती मिली।

इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने पद से इस्तीफा देकर सत्ता परिवर्तन का रास्ता साफ किया था। उनके इस्तीफे के बाद NDA में नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ी और अब नई सरकार ने औपचारिक रूप ले लिया है। इस मौके पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने सम्राट चौधरी को NDA विधायक दल का नेता चुने जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया।

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार विकास के नए चरण में प्रवेश करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार की भूमिका राज्य के विकास में अहम रही है और नई सरकार उनके काम को आगे बढ़ाएगी।