जयप्रकाश नारायण की जयंती पर देवरिया में जुटे समाजवादी छात्र-युवा कार्यकर्ता, पुलिसिया कार्रवाई के विरोध में उठाए सवाल

 गणेश धर द्विवेदी

संपूर्ण क्रांति के नायक और भारत रत्न लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर रविवार को देवरिया में समाजवादी यूथ फ्रंटल संगठनों के कार्यकर्ताओं ने एकदिवसीय सत्याग्रह कर विरोध दर्ज कराया। शहर स्थित शहीद रामचंद्र विद्यार्थी पार्क में आयोजित सत्याग्रह के दौरान कार्यकर्ताओं ने कथित अघोषित आपातकाल, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चल रहे आंदोलन तथा छात्रों और नौजवानों पर पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया।

सत्याग्रह में शामिल समाजवादी छात्र सभा और समाजवादी युवजन सभा के कार्यकर्ता पार्क में जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा के निकट बैनर लगाकर धरने पर बैठ गए। कार्यक्रम की शुरुआत लोकनायक जयप्रकाश नारायण के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। कार्यकर्ताओं ने उनके संघर्ष, लोकतांत्रिक मूल्यों और संपूर्ण क्रांति के विचारों को याद करते हुए अपने आंदोलन को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

इस दौरान समाजवादी छात्र सभा के प्रदेश महासचिव अवनीश यादव ने युवाओं की लोकतांत्रिक आवाज और अधिकारों के महत्व पर जोर दिया। समाजवादी युवजन सभा के जिलाध्यक्ष रणवीर यादव तथा छात्र सभा के जिलाध्यक्ष मनोज यादव सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भी सत्याग्रह में भाग लिया। कार्यकर्ताओं ने छात्रों और नौजवानों के खिलाफ कथित पुलिसिया बर्बरता पर विरोध जताते हुए लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने के अधिकार का मुद्दा उठाया।

युवा फ्रंटल संगठनों के इस सत्याग्रह को समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष व्यास यादव, पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक सुभाष चंद्र श्रीवास्तव तथा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बेचूलाल चौधरी ने मौके पर पहुंचकर समर्थन दिया। सत्याग्रह में हरिओम लाला, मनीष सैथवार, सूरज यादव, संगम यादव, रामप्रीत, योगेंद्र यादव, देवेंद्र यादव, हरिकेश यादव, नितेश, दीपक सिंह, अर्जुन, अनीश शर्मा, रामनरेश, प्रदीप, केशव, पवन और गजेंद्र सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।