रणवीर यादव बोले- हर मोर्चे पर विफल साबित हुई भाजपा सरकार, पीडीए के लोग देंगे जवाब

गणेश धर द्विवेदी

समाजवादी युवजन सभा के कार्यकर्ताओं की बैठक रविवार को दीवानी कचहरी रोड स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष रणवीर यादव की अध्यक्षता में हुई। बैठक में प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा गया। कार्यकर्ताओं ने सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में उसे सत्ता से हटाने का संकल्प जताया।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष रणवीर यादव ने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। प्रदेश में महंगाई और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है, जबकि भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में सरकार नाकाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि पढ़े-लिखे नौजवान रोजगार के अभाव में निराश हैं और सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। अधिकारी और कर्मचारी बेलगाम हो गए हैं तथा आम जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए परेशान होना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि किसान महंगी खाद और बीज के साथ बिजली की समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन उनकी परेशानियों पर सरकार का ध्यान नहीं है। प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति भी चिंताजनक है। अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और गरीबों को न्याय नहीं मिल पा रहा है। रणवीर यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में अन्याय और अत्याचार बढ़ा है तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र प्रभावित हुए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सरकार की नीतियों से त्रस्त है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पीडीए के लोग एकजुट होकर भाजपा को सत्ता से बाहर करेंगे और अन्यायपूर्ण शासन का अंत करेंगे।

बैठक में शिवनाथ, नितेश, सूरज कुशवाहा, राहुल कन्नौजिया, सन्नी प्रभात, पवन मिश्रा, इमरान लारी, अभयशंकर, मनीष सैथवार, शाकिर अली, रामबृक्ष राजभर, देवेश, अनिल, मंटू, आजाद अंसारी, हरेंद्र, कृष्णानंद, वसिष्ठ और जयराम सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।