कुण्डवा चैनपुर पुलिस ने 54 किलो गांजा, कार, मोबाइल और नकदी बरामद। गुप्त सूचना पर पीछा कर बरवा खुर्द के पास वाहन को घेरकर दबोचा
पूर्वी चंपारण : पूर्वी चंपारण पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरजिला गांजा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। कुण्डवा चैनपुर थाना क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने करीब 54 किलोग्राम गांजा, एक वैगनआर कार, तीन मोबाइल फोन और 10,800 रुपये नकद बरामद करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये है। जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ इसे हाल के समय की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक 4 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि बसंतपुर गांव से वैगनआर कार (बीआर01बीटी-9171) में गांजे की बड़ी खेप ढाका के रास्ते चकिया भेजी जा रही है। सूचना मिलते ही सिकरहना डीएसपी अभिषेक कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया और संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू कर दी गई। बसंत चौक के पास पुलिस को देखकर चालक ने कार मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने लगातार पीछा करते हुए बरवा खुर्द सैनिक रोड के समीप वाहन को घेर लिया।
वाहन की तलाशी के दौरान उसमें से 54 किलोग्राम गांजा, वैगनआर कार, तीन मोबाइल फोन और 10,800 रुपये नकद बरामद किए गए। मौके से चकिया थाना क्षेत्र के गंगा सिरसिया निवासी 34 वर्षीय कमलेश कुमार तथा मुजफ्फरपुर जिले के देवरिया निवासी 44 वर्षीय संजय कुमार तिवारी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि गांजे की यह खेप कुण्डवा चैनपुर थाना क्षेत्र के बसंतपुर निवासी 38 वर्षीय विनोद मुखिया ने उन्हें उपलब्ध कराई थी, जिसे चकिया पहुंचाया जाना था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने विनोद मुखिया को भी गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
छापेमारी अभियान का नेतृत्व सिकरहना डीएसपी अभिषेक कुमार ने किया। अभियान में पुलिस निरीक्षक धनंजय कुमार, घोड़ासहन अंचल पुलिस निरीक्षक निर्दोष, कुण्डवा चैनपुर थानाध्यक्ष राहुल कुमार, अपर थानाध्यक्ष रमेन्द्र कुमार, पुलिस पदाधिकारी नवीन कुमार, विकास कुमार सिंह, थाना के सशस्त्र बल तथा चौकीदारों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियों को खंगालने और इसमें शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई जारी है।
