गणेश धर द्विवेदी
एटीएम से रुपये निकालने वाले ग्राहकों को निशाना बनाकर धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को देवरिया पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी एटीएम के निकासी द्वार पर मशीन के रंग की लोहे की पट्टी/क्लिप लगा देते थे, जिससे ग्राहक के रुपये बाहर नहीं निकलते थे। ग्राहक के वहां से हटते ही आरोपी क्लिप हटाकर रुपये निकाल लेते थे। पुलिस ने सोनूघाट स्थित एसबीआई एटीएम के पास से दोनों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त उपकरण भी बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनन्द कुमार पाण्डेय के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी के पर्यवेक्षण में कोतवाली पुलिस टीम ने कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मन्टू खाँ पुत्र आरस खाँ, निवासी हरपुर महेशपुर, थाना विजयीपुर, जिला गोपालगंज (बिहार) तथा फखरूद्दीन अंसारी पुत्र खुसबुद्दीन अंसारी, निवासी बभनी बेलवनिया, थाना मदनपुर, देवरिया के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 28 सितंबर को एक व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया था कि नौ सितंबर को वह सोनूघाट स्थित एसबीआई एटीएम से पांच हजार रुपये निकालने गया था। कार्ड डालने और प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी रुपये बाहर नहीं आए। इसी दौरान तीन युवक एटीएम के अंदर पहुंचे और निकासी द्वार पर लगी लोहे की क्लिप हटाकर पांच हजार रुपये निकालकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए।
तफ्तीश में सामने आया कि आरोपी इसी तरीके से एटीएम ग्राहकों को निशाना बनाते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो एसबीआई एटीएम कार्ड, दो पेचकस, तीन लोहे की पट्टियां और 1600 रुपये नकद बरामद किए। मामले में कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
