TVK की बढ़त ने बदली चुनावी तस्वीर, चर्चाओं का रुख बदला, तमिलनाडु में नई राजनीतिक धुरी बनने की ओर बढ़ता कदम

सेंट्रल डेस्क, नई दिल्ली

तमिलनाडु से आई शुरुआती तस्वीर ने पूरे राजनीतिक परिदृश्य को चौंका दिया है। राज्य में अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कजगम ने अपने पहले ही विधानसभा चुनाव में ऐसा प्रदर्शन किया है, जिसने वर्षों से चले आ रहे राजनीतिक समीकरणों को हिला कर रख दिया है। प्रारंभिक रुझानों के अनुसार, विजय की TVK करीब 106 सीटों पर बढ़त बनाए हुए दिखाई दे रही है। वहीं सत्तारूढ़ गठबंधन DMK 50 सीटों पर आगे है, जबकि AIADMK 74 सीटों पर बढ़त के साथ मुकाबले में बनी हुई है। इन आंकड़ों ने साफ संकेत दे दिया है कि इस बार तमिलनाडु की राजनीति सिर्फ दो दलों तक सीमित नहीं रहने वाली।

अब तक विजय को केवल संभावित ‘किंगमेकर’ के रूप में देखा जा रहा था, लेकिन मौजूदा रुझानों ने इस धारणा को बदल दिया है। जिस तरह से उनकी पार्टी को जनसमर्थन मिल रहा है, उससे यह चर्चा तेज हो गई है कि विजय खुद सत्ता की दौड़ में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।

दिलचस्प बात यह है कि विजय ने चुनावी मैदान में उतरते समय आसान रास्ता नहीं चुना। उन्होंने चेन्नई की पेरम्बूर और तिरुचिरापल्ली पूर्व जैसी सीटों से चुनाव लड़ा, जिन्हें DMK का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। इन चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में उतरकर विजय ने यह स्पष्ट कर दिया कि वे सीधे सत्ता पक्ष को टक्कर देने के इरादे से राजनीति में आए हैं।

विजय ने 2 फरवरी 2024 को अपनी पार्टी तमिलगा वेत्री कजगम की स्थापना की थी। चेन्नई के पनयूर स्थित मुख्यालय से संचालित यह पार्टी पहली बार ही सभी 234 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ रही है। पार्टी का चुनाव चिन्ह ‘सीटी’ है, जो अब चुनावी मैदान में तेजी से पहचान बना रहा है।

इन शुरुआती रुझानों ने यह संकेत दे दिया है कि तमिलनाडु की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत हो सकती है। अगर यह रुझान नतीजों में बदलते हैं तो राज्य की सियासत में दशकों पुरानी दो-दलीय व्यवस्था को बड़ा झटका लग सकता है और विजय एक नए शक्ति केंद्र के रूप में उभर सकते हैं।