बिना लाइसेंस चल रहा था पटाखों का कारोबार, बिस्किट-नमकीन और क्रीम रोल के अवैध भंडारण का भी खुलासा

गणेश धर द्विवेदी

आगामी त्योहारों के मद्देनजर अवैध पटाखों के कारोबार के खिलाफ देवरिया पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को भटनी थाना क्षेत्र के मिश्रालीदीक्षित गांव में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर एक गोदाम से करीब 30 से 35 क्विंटल विभिन्न किस्मों के पटाखे बरामद किए। गोदाम में इतनी भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री का अवैध भंडारण मिलने से हड़कंप मच गया। संचालक के पास पटाखों के भंडारण और कारोबार से संबंधित कोई वैध लाइसेंस अथवा अनुमति नहीं मिली।

जानकारी के अनुसार, प्रशासन को सूचना मिली थी कि बैजू मधेशिया नामक व्यक्ति अपने गोदाम में भारी मात्रा में पटाखों का अवैध भंडारण कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना भटनी पुलिस, उपजिलाधिकारी सलेमपुर और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने गोदाम पर अचानक छापा मारा। जांच के दौरान संचालक से लाइसेंस और आवश्यक अनुमति पत्र मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद नियमानुसार गोदाम में रखे सभी पटाखों को जब्त कर लिया गया। मामले में विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

खाद्य पदार्थों के भंडारण में भी मिली अनियमितता

इसी कार्रवाई के क्रम में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की संयुक्त टीम ने भी उपजिलाधिकारी और पुलिस बल के साथ गोदाम की जांच की। यहां बैजनाथ मधेशिया के गोदाम में बिस्किट, रस्क, नमकीन और क्रीम रोल का भंडारण मिला। जांच में सामने आया कि कारोबारी के पास गोदाम में खाद्य पदार्थों के भंडारण का लाइसेंस नहीं था, बल्कि केवल दुकान पर बिक्री का लाइसेंस था।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेहा त्रिपाठी ने रस्क, नमकीन और क्रीम रोल के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। गोदाम में साफ-सफाई और रखरखाव की कमियां भी मिलीं। विभाग ने लाइसेंस प्राप्त होने तक गोदाम से खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाते हुए विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्रशासन की इस दोहरी कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध कारोबारियों में खलबली मची है। त्योहारों के दौरान जनसुरक्षा और लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश दिया गया है।