पुलिस का दावा-लिव-इन में साथ रहने के दबाव से पीछा छुड़ाने के लिए आरोपी ने रची हत्या की साजिश

बिजनौर/नूरपुर : ईंख के खेत में महिला का अधजला शव और कुछ ही दूरी पर रोती मिली तीन वर्षीय मासूम बच्ची के मामले से उठा रहस्य का पर्दा आखिरकार पुलिस ने हटा दिया। पुलिस के मुताबिक महिला की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके चचेरे भाई ने की थी। आरोप है कि महिला का गला दबाने के बाद पहचान छिपाने के लिए शव जला दिया गया और उसकी तीन वर्षीय बेटी का भी गला दबाकर उसे मृत समझ खेत में छोड़ दिया गया। नूरपुर पुलिस ने आरोपी नीरज को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त पिकअप गाड़ी बरामद कर ली है।

23 सितंबर 2026 को नूरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम आलमपुर एडवा के जंगल में ईंख के खेत के पास एक अज्ञात महिला का अधजला शव मिला था। पास में तीन वर्षीय बच्ची रोती हुई मिली। पुलिस के सोशल मीडिया पर प्रचार-प्रसार के बाद नवलपुर बैराज निवासी अनिल कुमार ने महिला की पहचान अपनी पत्नी ऊषा और बच्ची की पहचान अपनी बेटी के रूप में की। अनिल की तहरीर पर नीरज कुमार के खिलाफ धारा 103(1)/238 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस पूछताछ में नीरज ने बताया कि ऊषा उसके सगे ताऊ की बेटी थी। करीब छह महीने पहले पारिवारिक कार्यक्रम में दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और बाद में प्रेम प्रसंग बढ़ गया। पुलिस के मुताबिक ऊषा पति से मतभेद के कारण अलग किराये पर रह रही थी और नीरज पर साथ लिव-इन में रहने का दबाव बना रही थी।

पुलिस का दावा है कि इससे पीछा छुड़ाने के लिए नीरज ने योजना बनाई। 19 सितंबर को उसने ऊषा और उसके दोनों बच्चों—तीन वर्षीय बेटी और डेढ़ वर्षीय बेटे-को हरिद्वार-ऋषिकेश घुमाने के बहाने बुलाया और नूरपुर के एक होटल में ठहराया। 22 सितंबर की रात वह तीनों को पिकअप से जंगल की ओर ले गया। वहां ऊषा का गला दबाने के बाद दुपट्टे से फंदा लगाया और पहचान छिपाने के लिए शव पर कंबल डालकर आग लगा दी।इस दौरान बच्ची के रोने पर आरोपी ने उसका भी गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। उसे मृत समझकर खेत में छोड़ दिया और फरार हो गया।

डेढ़ वर्षीय बेटा सकुशल बरामद

पुलिस के अनुसार आरोपी ने ऊषा के डेढ़ वर्षीय बेटे को मुरादाबाद स्थित अपनी ससुराल में झूठी कहानी बताकर छिपा दिया था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। बच्ची की हत्या के प्रयास के आरोप में मुकदमे में धारा 109(1) बीएनएस भी बढ़ाई गई है।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पिकअप गाड़ी (UP 23 BT 5438), आरोपी का वीवो मोबाइल फोन, बच्चे के दूध की बोतल और सफेद रुमाल बरामद किया है। वारदात का खुलासा करने वाली टीम में थानाध्यक्ष प्रवेज कुमार, उपनिरीक्षक रवि कुमार, श्रीकान्त सत्यार्थी, सर्विलांस टीम और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।