दो युवकों से रुपये और मूल पासपोर्ट लेकर थमा दिए फर्जी वीजा, रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप
बिजनौर। रूस में अच्छी नौकरी और बेहतर कमाई का सपना दो युवकों को महंगा पड़ गया। विदेश भेजने का भरोसा दिलाकर एक कथित एजेंट ने उनसे 1.20 लाख रुपये और मूल पासपोर्ट ले लिए। नौकरी के लिए रूस भेजने के बजाय उन्हें फर्जी वीजा थमा दिए। जब युवकों ने अपने रुपये और पासपोर्ट वापस मांगे तो आरोपी टालमटोल करने लगा और जान से मारने की धमकी देने लगा। शिकायत मिलने पर अफजलगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
थाना अफजलगढ़ क्षेत्र के ग्राम बुडेरन निवासी मोहम्मद जुल्फकार पुत्र मोहम्मद इकबाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि ग्राम जिकरीवाला निवासी नाजिम अली पुत्र शौकत ने उसे और उसके मित्र फैसल को रूस में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। इसके बदले आरोपी ने दोनों से कुल 1.20 लाख रुपये और उनके मूल पासपोर्ट ले लिए।
निर्धारित समय बीतने के बावजूद विदेश नहीं भेजे जाने पर युवकों ने आरोपी से संपर्क किया। आरोप है कि उसने दोनों को फर्जी वीजा भेज दिए। इसकी जानकारी होने पर पीड़ितों ने रुपये और पासपोर्ट वापस मांगे, लेकिन आरोपी बहाने बनाता रहा। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। शनिवार, 10 अक्टूबर 2026 को अफजलगढ़ पुलिस ने वांछित आरोपी नाजिम अली को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एजेंट के रूप में काम करता है। उसने विदेश भेजने के नाम पर दोनों युवकों से रुपये लिए और फर्जी वीजा तैयार कर उन्हें दे दिए। आरोपी ने ठगी से प्राप्त रकम अपने मकान के निर्माण में खर्च करने की बात भी स्वीकार की।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, नाजिम अली के खिलाफ अफजलगढ़ थाने में मुकदमा संख्या 212/2026 के तहत बीएनएस की धारा 318(4), 336(2), 351(2), 338 और 336(3) में मामला दर्ज है। इसके अलावा शेरकोट थाने में मुकदमा संख्या 96/2026 के तहत धारा 318(4), 352 और 351(2) में भी मामला दर्ज है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मृदुल कुमार, उपनिरीक्षक मनवीर सिंह और कांस्टेबल गौरव कुमार शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया है।
