पूर्व विधायक सुरेश तिवारी ने किया उद्घाटन, समाजसेवी संजय तिवारी की पहल से हजारों लोगों को मिलेगी राहत

गणेश धर द्विवेदी

जिले के भलुअनी विकासखंड में ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। मंगलवार से क्षेत्र में निःशुल्क ओपीडी सेवा की शुरुआत हुई। बरहज के पूर्व विधायक सुरेश तिवारी ने फीता काटकर इस सेवा का उद्घाटन किया। इस पहल से भलुअनी और आसपास के गांवों के हजारों लोगों को इलाज की सुविधा मिलने की उम्मीद है। खासकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सामान्य बीमारियों के उपचार के लिए राहत मिलेगी।

समाजसेवी संजय तिवारी की ओर से शुरू की गई इस ओपीडी में सप्ताह के छह दिन मरीजों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। यहां चार डॉक्टरों के साथ पैथोलॉजी जांच की सुविधा भी मिलेगी। संजय तिवारी ने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा के उद्देश्य से यह पहल की गई है और इन सेवाओं को जीवनभर जारी रखने का प्रयास किया जाएगा।

ओपीडी की शुरुआत के अवसर पर आशा कार्यकर्ताओं को भी निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं प्रदान की गईं। आयोजकों के मुताबिक, जल्द ही एक दिवसीय निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन भी किया जाएगा। इसके अतिरिक्त बरहज, भागलपुर और बरांव समेत चार अन्य स्थानों पर भी इस तरह की स्वास्थ्य सेवाएं शुरू करने की योजना है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने में मदद मिलेगी।

इन बीमारियों का होगा उपचार

ओपीडी में मेडिसिन, हड्डी, हृदय, मधुमेह, नेत्र, बाल रोग तथा स्त्री एवं प्रसूति रोग से संबंधित उपचार की सुविधा उपलब्ध रहेगी। यहां डॉ. मनीषा जयप्रकाश सिंह, डॉ. सीमा भलावी, डॉ. राहुल कुमार और डॉ. आबिद मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार देंगे। साथ ही पैथोलॉजी जांच की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

रविवार को ओपीडी बंद रहेगी। ग्रामीण क्षेत्रों में निःशुल्क चिकित्सा सेवा की शुरुआत को स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इस पहल से समय पर उपचार मिल सकेगा और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के लिए दूर जाने की जरूरत भी कम होगी।