झोले से पांच जिंदा कारतूस भी बरामद, हथियारों की सप्लाई देने पहुंचने की पुलिस को मिली थी गुप्त सूचना, संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी

पूर्वी चंपारण : कंधे पर झोला लेकर मजुराहा फायरिंग रेंज के पास पहुंचे एक संदिग्ध पर पुलिस की नजर पड़ी तो हथियार तस्करी के बड़े नेटवर्क की परतें खुलने लगीं। झोले की तलाशी में एक-दो नहीं, बल्कि पांच पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और दस मैगजीन बरामद हुईं। पुलिस ने मौके से समस्तीपुर निवासी मो. अहमद को गिरफ्तार किया है। पुलिस उसे हथियार तस्कर गिरोह का मुख्य सरगना बता रही है। अब जांच का फोकस इस बात पर है कि हथियारों की यह खेप कहां से लाई गई थी और मोतिहारी में इसे किन लोगों के हाथों तक पहुंचाया जाना था।

पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के नेतृत्व में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस को 19 अगस्त 2026 को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना थी कि मजुराहा फायरिंग रेंज के पास एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में हथियारों की सप्लाई करने पहुंचने वाला है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष छापेमारी टीम गठित कर निर्धारित स्थान की निगरानी शुरू कर दी।

इसी दौरान पुलिस को झोला लेकर जा रहा एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। टीम ने उसे रोककर हिरासत में लिया और झोले की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पांच पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और दस मैगजीन मिलने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मो. अहमद के रूप में हुई। वह समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के मुस्तफापुर निवासी नूर मोहम्मद का पुत्र बताया गया है। एक साथ इतनी संख्या में पिस्टल और मैगजीन की बरामदगी के बाद पुलिस अब उसके संपर्कों और हथियार तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है।

पुलिस की जांच अब बरामद हथियारों के स्रोत और उनके संभावित खरीदारों पर केंद्रित है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मो. अहमद हथियारों की खेप कहां से लेकर आया था और इसकी डिलीवरी किस व्यक्ति या गिरोह को दी जानी थी। हथियारों की मांग करने वालों के साथ सप्लाई नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। संदिग्ध ठिकानों पर पुलिस की छापेमारी भी तेज कर दी गई है।


इस ऑपरेशन को सदर-1 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। कार्रवाई में रघुनाथपुर थानाध्यक्ष सह पुलिस अवर निरीक्षक धनंजय कुमार, पुलिस निरीक्षक धर्मवीर कुमार भारती, तुरकौलिया, जिला आसूचना इकाई मोतिहारी और रघुनाथपुर थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे।