रिवाल्वर छीनकर फायरिंग करने वाला आरोपी मुठभेड़ में घायल

गणेश धर द्विवेदी

भलुअनी थाना क्षेत्र के चर्चित मनीष सिंह मोनू हत्याकांड में कैजुअल एप्रोच के आरोप से घिरी देवरिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार लिया है। गिरफ्तारी के बाद हत्या में इस्तेमाल किए गए चाकू बरामद कराने ले जाए गए मुख्य आरोपी ने पुलिसकर्मी का रिवाल्वर छीनकर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक देवरिया अभिजित आर. शंकर के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत भलुअनी पुलिस ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चाइना अंसारी पुत्र कमालुद्दीन, निवासी वार्ड नंबर 12 जयप्रकाश नगर, शिवधरिया, थाना भलुअनी, उम्र करीब 36 वर्ष और अम्बुज उर्फ आशीष विश्वकर्मा पुत्र दीनानाथ विश्वकर्मा, निवासी वार्ड नंबर 12 जयप्रकाश नगर, शिवधरिया, उम्र करीब 23 वर्ष के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी उक्त हत्याकांड से संबंधित मुकदमे में वांछित थे। पूछताछ के दौरान चाइना अंसारी ने घटना में प्रयुक्त चाकू के संबंध में जानकारी दी। पुलिस टीम उसे बरामदगी के लिए लेकर गई। रात करीब 3:30 बजे चाकू बरामद करने के बाद वापस थाने लौटते समय रास्ते में अचानक नीलगाय आ जाने से पुलिस वाहन अनियंत्रित हो गया। इसी दौरान आरोपी ने एक उपनिरीक्षक का रिवाल्वर छीन लिया और पुलिसकर्मी को जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस बल ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें चाइना अंसारी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने बताया कि, दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। इस मामले में बरामदगी, गिरफ्तारी और मुठभेड़ से संबंधित आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।