मजना नाले के पास से 315 बोर का तमंचा बरामद, दबिश में दो अर्धनिर्मित तमंचे और हथियार बनाने के उपकरण मिले

गणेश धर द्विवेदी

जिले में अवैध असलहों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रुद्रपुर थाना पुलिस और एसओजी टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पहले एक युवक को 315 बोर के तमंचे के साथ गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर दबिश देकर कथित अवैध हथियार निर्माण के ठिकाने का खुलासा किया गया। मौके से दो अर्धनिर्मित तमंचे और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए गए। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शस्त्र कारोबार से जुड़े लोगों में खलबली मच गई है।

पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के मुताबिक, रविवार रात रुद्रपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक अवैध तमंचा लेकर जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना पुलिस और एसओजी टीम ने तत्काल कार्रवाई की। पुलिस ने मजना नाले के पास घेराबंदी कर आदित्य उर्फ शिवा चौधरी (19), पुत्र विजय नारायण चौधरी, निवासी गोरखपुर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा बरामद हुआ।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक से अवैध तमंचे के स्रोत के संबंध में पूछताछ की गई। उसके बताए स्थान पर पुलिस टीम ने दबिश दी, जहां सोहन विश्वकर्मा, पुत्र रमापति विश्वकर्मा, निवासी गोरखपुर के कब्जे से हथियार बनाने के कई उपकरण और दो अर्धनिर्मित तमंचे बरामद किए गए। पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि अवैध हथियार कहां-कहां खपाए जाते थे और इस नेटवर्क से अन्य कौन लोग जुड़े हैं।

पुलिस के मुताबिक, सोहन विश्वकर्मा के खिलाफ पहले भी शस्त्र और अवैध हथियार निर्माण से संबंधित मामले दर्ज हैं। इस प्रकरण में थाना रुद्रपुर में मुकदमा अपराध संख्या 493/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।