गणेश धर द्विवेदी

खुखुंदू थाना क्षेत्र में शुक्रवार को पुलिस द्वारा डीसीएम से करीब डेढ़ क्विंटल गांजा बरामद किए जाने के बाद शनिवार को मामला उस समय गंभीर हो गया, जब हिरासत में लिए गए डीसीएम चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह करीब 10 बजे अचानक तबीयत बिगड़ने पर चालक को महार्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सीओ सदर और अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पांडेय मेडिकल कॉलेज पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

मृतक की पहचान बृजपाल उर्फ विक्की (38) पुत्र कैलाश सिंह, निवासी सोनडाला फरीदपुर, थाना अमरोहा देहात, जिला अमरोहा के रूप में हुई है। सूचना पर उसके परिजन भी मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचे। मृतक के पड़ोस में रहने वाले चाचा, जो स्वयं ट्रक चालक हैं, ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

पुलिस को देखकर तेज रफ्तार से भागा डीसीएम

पुलिस के मुताबिक शुक्रवार सुबह देवरिया की ओर से एक डीसीएम खुखुंदू चौराहे पर पहुंचा। पुलिस को देखते ही चालक ने वाहन को नूनखार मार्ग की ओर तेज रफ्तार से दौड़ा दिया। संदेह होने पर पुलिस टीम ने पीछा किया और थाने से करीब 500 मीटर आगे घेराबंदी कर डीसीएम को रोक लिया। वाहन रुकते ही चालक और उसके साथ मौजूद लोग भागने लगे, जिनमें से एक व्यक्ति को पुलिस ने पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान डीसीएम में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार डीसीएम असम के बरपेटा जिले से आया था और उसमें ब्रान लोड किया गया था। इसके लिए करीब 28 हजार रुपये दिए जाने की बात सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि ब्रान की आड़ में गांजा छिपाकर परिवहन किया जा रहा था। चालक की मौत के बाद अब बरामद गांजे और हिरासत में हुई मौत, दोनों पहलुओं को लेकर जांच पर नजर है।