विश्व स्वास्थ्य दिवस पर दिया गया स्वास्थ्य चेतना का संदेश, डॉ. जगन्नाथ मिश्र महाविद्यालय में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन हुआ, जहां जीवनशैली पर विस्तार से चर्चा की गई

बिहार : मुजफ्फरपुर में विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर आज डॉ जगन्नाथ मिश्र महाविद्यालय में स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य आम जनमानस में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और निःशुल्क चिकित्सा परामर्श उपलब्ध कराना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शहर के प्रसिद्ध हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. कुमार गौतम रहे। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर ही सफल जीवन की नींव है और नियमित जांच के साथ संतुलित जीवनशैली अपनाना आवश्यक है। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार चौधरी ने की। उन्होंने विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया और कहा कि प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर नियमित जीवनशैली अपनाने से हम स्वस्थ रह सकते हैं।

मौके पर डॉ मनोज कुंवर और डॉ. पंकज कुमार नीरज ने भी स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होने पर जोर दिया। कार्यक्रम का संयोजन डॉ. सुरेश कुमार शाही ने किया, जबकि डॉ. संगीता कुमारी साह ने संयोजक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए मानसिक स्वास्थ्य पर विचार रखे। स्वास्थ्य शिविर में निःशुल्क जांच के साथ आवश्यक परामर्श भी दिए गए। संगोष्ठी में संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, मानसिक स्वास्थ्य और रोगों की रोकथाम जैसे विषयों पर चर्चा हुई।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने भाग लिया। NSS से जुड़े विद्यार्थियों में उज्जवल कुमार, शुभकांत, नवल, विभोर कुमारी, सलोनी कुमारी, सूची झा सहित कई छात्रों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अंत में संयोजक डॉ. संगीता कुमारी साह द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।