• राजधानी दिल्ली के रानी बाग इलाके में महिला के साथ हुई दरिंदगी की घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है


दिल्ली : दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। राजधानी के रानी बाग क्षेत्र में सोमवार देर रात एक महिला के साथ कथित गैंगरेप की सनसनीखेज घटना सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता को जबरन एक स्लीपर बस में बैठाकर उसके साथ कई किलोमीटर तक चलती बस में दुष्कर्म किया गया।


जानकारी के अनुसार, पीड़िता मंगोलपुरी इलाके की एक फैक्ट्री में काम करती है और ड्यूटी खत्म होने के बाद देर रात घर लौट रही थी। इसी दौरान सरस्वती विहार इलाके के पास एक बस उसके करीब आकर रुकी। महिला ने वहां मौजूद युवक से समय पूछा, लेकिन आरोप है कि उसी दौरान उसे जबरदस्ती बस के भीतर खींच लिया गया।


पुलिस के अनुसार, बस के अंदर ले जाने के बाद दरवाजा बंद कर दिया गया और वाहन आगे बढ़ा दिया गया। आरोप है कि सफर के दौरान बस में मौजूद दो लोगों ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। काफी देर तक महिला को बंधक बनाए रखने के बाद आरोपी उसे गंभीर हालत में सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए।


घटना के बाद किसी तरह पीड़िता ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला को अस्पताल ले जाया गया। मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच तेज कर दी।


पुलिस जांच में सामने आया है कि जिस बस में वारदात हुई, उसके शीशों पर पर्दे लगे हुए थे। इसी वजह से अंदर क्या हो रहा था, यह बाहर से दिखाई नहीं दे रहा था। पुलिस ने बिहार नंबर की उस बस को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी है। बस के अंदर से कई अहम सबूत जुटाए गए हैं।


पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने बस चालक और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।


बताया जा रहा है कि महिला की पारिवारिक स्थिति बेहद कमजोर है। उसके पति गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं और घर पर छोटे बच्चों की जिम्मेदारी भी उसी पर है। इसी वजह से उसने अस्पताल में लंबे समय तक भर्ती रहने से इनकार कर दिया। फिलहाल पुलिस पीड़िता को कानूनी और चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने में जुटी हुई है।