युवक के गर्दन में गोली लगी है, फिलहाल वह खतरे से बाहर बताया गया है, मामले की तहकीकात में जुटी पुलिस

गणेश धर द्विवेदी

देवरिया जनपद के लार थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक को गोली लगने की खबर है। बताया जा रहा है कि युवक के गर्दन में गोली लगी है। फिलहाल वह खतरे से बाहर बताया गया है। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है। बताया गया कि गोली लगने से घायल युवक को पहले सीएचसी लार ले जाया गया, वहां हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया। यहां युवक की हालत स्थिर बताई जा रही है।

खबर के मुताबिक पूरा मामला लार थाना क्षेत्र के जमसड़ा गांव के समीप समाधि बाबा स्थान के पास का बताया जा रहा है। जहां संदिग्ध परिस्थितियों में प्रकाश यादव निवासी पिंडी के गर्दन में गोली लगी है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप है।

सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक सुनील सिंह, प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह और एसओजी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस टीम घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद घटना के हर पहलू की जांच में जुटी है।

ग्रामीणों का कहना है कि घटनास्थल के आसपास पिछले कुछ दिनों से युवकों का जमावड़ा लगता था। इस संबंध में स्थानीय लोगों ने पुलिस को पहले भी जानकारी देकर कार्रवाई की मांग की थी। हालांकि, पुलिस फिलहाल किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

सीओ सलेमपुर का कहना है कि थाना लार पुलिस को प्रकाश यादव निवासी पिंडी के गोली लगने की सूचना प्राप्त हुई। घायल को उपचार के लिए सीएचसी लार लाया गया, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर किया गया। वर्तमान में उसकी स्थिति सामान्य है। पूरे घटनाक्रम की थाना लार पुलिस द्वारा गहनता से जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।